रिपोर्ट-//-अमन सक्सेना
'नशे से दूरी, बहुत जरूरी' का दिया संदेश, जिले की सभी तहसीलों में पांच दिन तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
मुरैना। मध्यप्रदेश को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन में जिलेभर में संचालित नशा मुक्ति अभियान को अब सांस्कृतिक माध्यमों से भी गति दी जा रही है। इसी क्रम में आचार्य आनंद टीम द्वारा 'नशे से दूरी, बहुत जरूरी' विषय पर नुक्कड़ नाटकों की श्रृंखला का शुभारंभ किया गया।
अभियान के पहले दिन जिला मुख्यालय के बैरियर चौराहे पर आचार्य आनंद टीम ने नशे के दुष्परिणामों पर आधारित अत्यंत मार्मिक एवं प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशा व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार के सपनों, खुशियों और भविष्य को बर्बाद कर देता है।
नाटक के संयोजक एवं सूत्रधार समाजसेवी सुधीर आचार्य ने कहा कि नशा पहले दोस्त और हमदर्द बनकर जीवन में प्रवेश करता है, लेकिन धीरे-धीरे सबसे बड़ा दुश्मन बनकर व्यक्ति और उसके परिवार को तबाह कर देता है। उन्होंने कहा कि नशा रोज किसी न किसी परिवार की खुशियां छीन लेता है और समाज को गहरे नुकसान पहुंचाता है।
इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक गजेंद्र सिंह परिहार ने मध्यप्रदेश पुलिस के 'नशे से दूरी' अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश को हर प्रकार के नशे से मुक्त बनाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन में जिले में पिछले एक माह से नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है और अब जन-जागरूकता के लिए आचार्य आनंद टीम अगले पांच दिनों तक जिला मुख्यालय सहित सभी तहसीलों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से अभियान चलाएगी।
उन्होंने बताया कि पहले दिन मुरैना मुख्यालय, करह धाम पटिया वाले बाबा तथा बानमोर में भी नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। प्रत्येक कार्यक्रम के बाद उपस्थित नागरिकों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान सीएसपी दीपाली चंदोरिया, एसडीओपी बानमोर अनिल कुमार सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इन कलाकारों ने दी प्रभावशाली प्रस्तुति
नुक्कड़ नाटक में संयोजक एवं सूत्रधार सुधीर आचार्य के साथ अरविंद मावई, बालकृष्ण शर्मा, विश्वनाथ गुर्जर, रवीशकांत कटारे, अंकित मिश्रा, तनिज कटारे, सूरज, रजत शर्मा, खुश दीक्षित, आनंद तोमर, अभिनव तोमर, अरुण यादव एवं देवाशीष गुर्जर ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति देकर लोगों को नशा मुक्त समाज बनाने का संदेश दिया।
