मुरैना----मुरैना पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना (भा.पु.से.) ने मानवीय एवं संवेदनशील पुलिसिंग का उत्कृष्ट परिचय देने पर निर्भया मोबाइल प्रभारी उप निरीक्षक लक्ष्मी भदौरिया एवं उनकी टीम को सम्मानित किया। सड़क दुर्घटना में घायल महिला की समय रहते मदद कर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाने पर टीम को प्रशस्ति-पत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर उनके कार्य की सराहना की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में निर्भया मोबाइल टीम द्वारा मुरैना शहर, विशेष रूप से कोचिंग क्षेत्रों में लगातार गश्त एवं निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में 9 जुलाई 2026 को एम.एस. रोड स्थित जीवाजीगंज पुलिया के पास गश्त के दौरान टीम ने सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक महिला को सड़क पर तड़पते देखा।
घटना की गंभीरता को समझते हुए उप निरीक्षक लक्ष्मी भदौरिया ने बिना देर किए सरकारी वाहन रुकवाया और चालक राजकुमार तथा आरक्षक किशन कटारा की मदद से घायल महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से महिला की जान बचाने में टीम की तत्परता और संवेदनशीलता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उप निरीक्षक लक्ष्मी भदौरिया एवं निर्भया मोबाइल टीम को सम्मानित किया। उन्हें प्रमाण-पत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर उत्कृष्ट, जनसेवा एवं मानवता के प्रति समर्पित पुलिसिंग के लिए बधाई दी गई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर, रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला सहित पुलिस कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर आमजन की सहायता कर मानवता का परिचय देना भी है। उन्होंने कहा कि मुरैना पुलिस उत्कृष्ट एवं जनहितकारी कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार प्रोत्साहित करती रहेगी। ऐसे कार्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत बनाते हैं।

