मुख्य सामग्री पर जाएं

अतिक्रमण और बदहाल सड़क ने रोकी गांव की रफ्तार! कीचड़ में फंस रहे चार पहिया वाहन, ट्रैक्टर से खींचकर निकालने को मजबूर ग्रामीण


पोरसा/अंबाह
---बरसात शुरू होते ही विंडवा ग्राम की सड़क लोगों के लिए मुसीबत का दूसरा नाम बन गई है। विंडवा से पिनाहट-अंबाह मार्ग को जोड़ने वाली सड़क अतिक्रमण, जलभराव और गहरे गड्ढों के कारण पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। हालात ऐसे हैं कि चार पहिया वाहन सड़क पर फंस रहे हैं और उन्हें ट्रैक्टरों की मदद से बाहर निकालना पड़ रहा है।


ग्रामीणों ने इस गंभीर समस्या को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि जहारपुर के कुछ लोगों ने सड़क के सोल्डरों पर चबूतरे बनाकर अतिक्रमण कर लिया है, जिससे सड़क संकरी हो गई है और आवागमन खतरे से खाली नहीं है।


ग्रामीणों का कहना है कि कई मकानों की नालियों का गंदा पानी सीधे सड़क पर छोड़ा जा रहा है। लगातार जलभराव से सड़क जगह-जगह धंस चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढे मौत का जाल बन गए हैं। बरसात में विंडवा हार के रपटे से लेकर विंडवा नाले की पुलिया तक सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है। न दोनों ओर नालियां बनाई गईं और न ही वर्षों से सड़क की मरम्मत कराई गई।


ग्रामीणों ने प्रशासन को याद दिलाया कि इसी सड़क की बदहाली को लेकर उन्होंने पिछले चुनाव में मतदान बहिष्कार तक का फैसला लिया था। उस समय अधिकारियों ने चुनाव के बाद सड़क निर्माण और मरम्मत का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक केवल वादे हुए, जमीन पर कोई काम नहीं हुआ।


ग्रामीणों का आरोप है कि जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के कारण हजारों लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्कूली बच्चे, किसान, मरीज और आम नागरिक हर दिन जान जोखिम में डालकर इस सड़क से गुजरने को मजबूर हैं।


ग्रामीणों ने एसडीएम से मांग की है कि सड़क से तत्काल अतिक्रमण हटाया जाए, दोनों ओर नालियों और आवश्यक पुलिया का निर्माण कराया जाए तथा सड़क की युद्धस्तर पर मरम्मत कराई जाए।


उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात के दौरान कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


पोरसा से नीरज धर्मवीर पचौरी की रिपोर्ट--




एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने