मुख्य सामग्री पर जाएं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 10.54 लाख किसानों के खातों में ट्रांसफर करेंगे ₹1460.25 करोड़


 

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (19 जुलाई) भोपाल जिले के जगदीशपुर से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्रदेश के 10.54 लाख किसानों के बैंक खातों में ₹1460.25 करोड़ की बीमा दावा राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण करेंगे। इसी अवसर पर जगदीशपुर में राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक भी आयोजित होगी।


प्रदेश सरकार के अनुसार, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रारंभ से लेकर वर्ष 2024-25 तक प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को कुल ₹30,942.34 करोड़ की बीमा दावा राशि का भुगतान किया जा चुका है।


प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि, सूखा, ओलावृष्टि और अन्य कारणों से फसलों को होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है, ताकि उनकी वित्तीय स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव कम हो सके।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों से अपील की है कि वे अधिसूचित फसलों का बीमा निर्धारित अंतिम तिथि से पहले अवश्य करवा लें। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अल-नीनो के प्रभाव के चलते सामान्य से कम मानसून की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में फसल बीमा किसानों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करेगा और फसल नुकसान की स्थिति में उन्हें वित्तीय सहायता मिल सकेगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। राज्य सरकार किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने