मुख्य सामग्री पर जाएं

नवनीत तोमर की गिरफ्तारी से जोहा में भड़का जनाक्रोश सड़क निर्माण और रिहाई की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीण धरने पर, कांग्रेस ने भी दिया समर्थन


अम्बाह (मुरैना)। सड़क निर्माण की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे नवनीत सिंह तोमर की गिरफ्तारी के बाद शनिवार को जोहा गांव में ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण गांव में एकत्र होकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने नवनीत सिंह तोमर की तत्काल रिहाई तथा जोहा मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।


धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ कांग्रेस नेताओं ने भी पहुंचकर आंदोलन को अपना समर्थन दिया। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष मधुराज सिंह तोमर, शहर जिलाध्यक्ष गजेंद्र जाटव,पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार (नीटू), पूर्व जनपद अध्यक्ष रामू तोमर सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक धरने में शामिल हुए।


प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि सड़क निर्माण की जायज मांग को दबाने के उद्देश्य से आंदोलनकारी नवनीत सिंह तोमर को गिरफ्तार किया गया है। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी मांग केवल सड़क निर्माण और क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को लेकर है, लेकिन प्रशासन उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रहा है।

ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि जब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जाता और नवनीत सिंह तोमर को रिहा नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है तथा पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।


अम्बाह से महेंद्र सखबार की रिपोर्ट














एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने