पोरसा (मुरैना)। पोरसा शहर के प्रमुख कोचिंग क्षेत्रों में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों को लेकर कोचिंग संचालकों और स्थानीय रहवासियों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। शनिवार को उन्होंने एसडीएम अंबाह को ज्ञापन सौंपकर कोचिंग संस्थानों के बाहर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा उपद्रवी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि पंडित पुरसाराम वाली गली, पंडित दीनदयाल वाली गली, फ्रूट मार्केट गली, शिक्षक कॉलोनी, आरबीएस स्कूल वाली गली और सब्जी मंडी रोड सहित कई क्षेत्रों में बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान संचालित हैं। यहां प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं पढ़ाई के लिए पहुंचते हैं।
छात्राओं से अभद्र टिप्पणियां, स्टंटबाजी और तेज रफ्तार बाइक से बढ़ी चिंता
कोचिंग संचालकों का आरोप है कि पिछले कुछ समय से असामाजिक एवं आपराधिक प्रवृत्ति के लोग कोचिंग संस्थानों के बाहर बेवजह जमावड़ा लगाकर गाली-गलौज करते हैं। छात्राओं पर अभद्र टिप्पणियां कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है, जिससे भय का माहौल बन गया है।
इसके अलावा बिना ड्राइविंग लाइसेंस तेज रफ्तार बाइक चलाना, स्टंटबाजी करना और शोर-शराबा करना आम बात हो गई है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी हुई है।
झगड़े और मारपीट से पढ़ाई पर पड़ रहा असर
ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र में आए दिन झगड़े, मारपीट और धमकी जैसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। इन घटनाओं के कारण छात्र-छात्राओं में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है और इसका सीधा असर उनकी पढ़ाई पर पड़ रहा है।
![]() |
| ज्ञापन की प्रति |
प्रशासन से की ये प्रमुख मांगें
कोचिंग संचालकों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि—
- कोचिंग समय के दौरान नियमित पुलिस पेट्रोलिंग कराई जाए।
- असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।
- छात्र-छात्राओं के लिए सुरक्षित, शांतिपूर्ण और भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
ज्ञापन पर क्षेत्र के कई कोचिंग संचालकों और स्थानीय नागरिकों के हस्ताक्षर भी किए गए हैं। अब सभी की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।
पोरसा से धर्मवीर नीरज पचौरी की रिपोर्ट.....
विज्ञापन के लिए संपर्क करें--8269463391




