रिपोर्ट ---अमन सक्सेना
मुरैना। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना (भा.पु.से.) ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं, जो हमें स्वच्छ वायु, शुद्ध पर्यावरण और बेहतर जीवन प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की नैतिक एवं सामाजिक जिम्मेदारी है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी आवश्यक है, ताकि वे विकसित होकर आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित धरोहर बन सकें।
उन्होंने कहा कि मुरैना पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों का भी पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन कर रही है। पर्यावरण संरक्षण जैसे जनहित के कार्यों में पुलिस और आमजन की सहभागिता एक स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) विजय सिंह भदौरिया, रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला, सूबेदार (अ) जय कुमार अरोरा सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करने एवं पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।




