मुख्य सामग्री पर जाएं

चंबल पर मौत का सफर! महुआ पुलिस ने अवैध नाव संचालन पर कसा शिकंजा, चालक गिरफ्तार

रिपोर्ट--अमन सक्सेना



मुरैना। चंबल नदी में अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई कर रही मुरैना पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। थाना महुआ पुलिस ने चंबल नदी में बिना वैध अनुमति और बिना सुरक्षा इंतजाम के लोगों को नाव से नदी पार कराने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसकी नाव जब्त कर ली है।

पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना (भा.पु.से.) के निर्देशन में चंबल नदी पर संचालित अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी अंबाह रवि भदौरिया के नेतृत्व में थाना महुआ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गढ़ नदगवां क्षेत्र से उसैद घाट के बीच अवैध रूप से नाव संचालन करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि उसैद घाट पर एक नाव के जरिए यात्रियों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण, विशेषकर लाइफ जैकेट के, चंबल नदी पार कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नाव को रुकवाकर जांच की।

जांच के दौरान नाव चालक अशोक पुत्र कृपाराम निषाद (33 वर्ष), निवासी ग्राम गढ़ नदगवां, थाना पिनाहट, जिला आगरा (उत्तर प्रदेश) से नाव संचालन का वैध लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त नाव को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध थाना महुआ में अपराध क्रमांक 75/26 के तहत धारा 282 बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की विवेचना जारी है।

नाव जब्त, कार्रवाई जारी

पुलिस ने अवैध परिवहन में प्रयुक्त नाव को जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि चंबल नदी में अवैध गतिविधियों एवं लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी महुआ उप निरीक्षक उपेंद्र पाराशर, प्रधान आरक्षक कोक सिंह (111), प्रधान आरक्षक रोहताल, आरक्षक राजेश (21), रविन्द्र, अजीत एवं चालक आरक्षक जोगेंद्र गुर्जर (1159) का सराहनीय योगदान रहा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने