मुरैना।
जोहां-श्यामपुर मार्ग की सड़क निर्माण की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे युवक का मामला अब प्रदेश स्तर तक पहुंच गया है। शुक्रवार को मुरैना कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह जाटव धरना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने आमरण अनशन पर बैठे युवक की मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जीतू पटवारी से वीडियो कॉल पर बात कराई।
वीडियो कॉल के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने युवक की पूरी समस्या सुनी और उसे आश्वस्त किया कि कांग्रेस उसके संघर्ष के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण का यह मुद्दा अब प्रदेश स्तर पर भी मजबूती से उठाया जाएगा और सरकार पर जनता की समस्या के समाधान के लिए दबाव बनाया जाएगा।
दरअसल, युवक मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के विधानसभा क्षेत्र के जोहां-श्यामपुर मार्ग की जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से आमरण अनशन पर बैठा है। युवक का कहना है कि जब तक सड़क निर्माण शुरू नहीं होगा, तब तक वह अपना आमरण अनशन समाप्त नहीं करेगा।
इस दौरान कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह जाटव ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का विधानसभा क्षेत्र है और क्षेत्र के सांसद भी भाजपा के हैं। इसके बावजूद यदि आज भी ग्रामीण सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के लिए आमरण अनशन करने को मजबूर हैं, तो यह भाजपा सरकार की विकास संबंधी नीतियों की विफलता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार वास्तव में विकास के प्रति गंभीर होती तो कुछ ही घंटों में सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो सकती थी। लेकिन सरकार केवल विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, जबकि जमीनी स्तर पर जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।
गजेंद्र सिंह जाटव ने आरोप लगाया कि आमरण अनशन पर बैठे युवक की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही है। वह किसी निजी स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनसमस्या को लेकर आंदोलन कर रहा है। इसके बावजूद यदि जनप्रतिनिधियों द्वारा उसके प्रति असंवेदनशील भाषा का प्रयोग किया जा रहा है, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि "यदि किसी जनप्रतिनिधि द्वारा यह कहा जाता है कि 'मरना है तो मर जाओ', तो यह एक जनप्रतिनिधि की गरिमा और संवेदनशीलता के अनुरूप भाषा नहीं है। कांग्रेस पार्टी ऐसे किसी भी अमानवीय व्यवहार का कड़ा विरोध करती है और जनता की आवाज़ को दबाने नहीं देगी।"
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि सरकार तत्काल जोहां-श्यामपुर मार्ग के निर्माण की घोषणा करे और आमरण अनशन पर बैठे युवक की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर उसकी जान बचाने का प्रयास करे।
![]() |
| विज्ञापन के लिए संपर्क करें 8269463391 |



