दतिया विधानसभा उपचुनाव: BJP ने काटा नरोत्तम मिश्रा का टिकट, आशुतोष तिवारी बने उम्मीदवार
दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा फैसला लेते हुए पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काट दिया है। पार्टी ने उनकी जगह आशुतोष तिवारी को अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है। शुक्रवार को BJP केंद्रीय नेतृत्व ने आशुतोष तिवारी के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी।
गौरतलब है कि उपचुनाव की घोषणा के बाद से ही डॉ. नरोत्तम मिश्रा चुनावी तैयारियों में पूरी तरह सक्रिय थे। उन्होंने क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया, कई चुनावी सभाएं और बैठकों में हिस्सा लिया तथा कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति बनाने में जुटे रहे। इससे उनके समर्थकों को पूरा भरोसा था कि पार्टी एक बार फिर उन्हें ही उम्मीदवार बनाएगी।
इतना ही नहीं, पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को नामांकन पत्र भी खरीद लिया था। राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि शुक्रवार को वे अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। लेकिन इसी बीच BJP के केंद्रीय नेतृत्व ने अंतिम क्षणों में बड़ा फैसला लेते हुए उनका टिकट काट दिया और आशुतोष तिवारी को दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया।
पार्टी के इस फैसले के बाद दतिया की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। वहीं, अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पूर्व गृहमंत्री आगे पार्टी के चुनाव प्रचार में क्या भूमिका निभाते हैं और भाजपा इस सीट पर किस रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतरती है।
BJP के उम्मीदवार घोषित होने के बाद दतिया विधानसभा उपचुनाव का मुकाबला और भी दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है।
वही सोशल मीडिया पर पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का वह बयान भी वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी से हारने के बाद शायराना अंदाज में कहा था कि " समुद्र का पानी उतरता देख घर ना बना लेना मैं लौट कर आऊंगा"
