दतिया | 11 जुलाई 2026 दतिया विधानसभा उपचुनाव के मद्देनज़र जिले में लागू आदर्श आचरण संहिता के दौरान शुक्रवार देर रात हुए उपद्रव के मामले में जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। प्रशासन ने उपद्रव और आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में 27 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
देर रात हुआ उपद्रव, पुलिस पर पथराव
जानकारी के अनुसार, आदर्श आचरण संहिता लागू होने के बावजूद कुछ लोगों ने नियमों की अनदेखी करते हुए जमावड़ा किया। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस प्रशासन पर पथराव किया गया।
पथराव की घटना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) सहित कई पुलिसकर्मी घायल हुए। प्रशासन का कहना है कि उपद्रव के कारण क्षेत्र में कुछ समय के लिए भय और असुरक्षा का माहौल बन गया।
27 लोगों के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपद्रव और आदर्श आचरण संहिता के उल्लंघन में शामिल 27 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
प्रशासन की सख्त चेतावनी
जिला प्रशासन ने कहा है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए आदर्श आचरण संहिता का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। किसी भी राजनीतिक दल, कार्यकर्ता या समर्थक द्वारा नियमों की अनदेखी या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं आदर्श आचरण संहिता का पूर्ण पालन करने की अपील की है।
अमन सक्सेना Namaste मुरैना
विज्ञापन के लिए संपर्क करें --8269463391



