मुख्य सामग्री पर जाएं

बामौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 30 पेटी अवैध देशी शराब और इनोवा कार जब्त, ₹12.45 लाख का मशरूका बरामद

 रिपोर्ट-//-अमन सक्सेना



मुरैना, 4 अगस्त। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थ एवं शराब की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बामौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 पेटी अवैध देशी शराब, एक मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त इनोवा कार जब्त की है। जब्त किए गए कुल मशरूका की अनुमानित कीमत ₹12.45 लाख बताई गई है।



अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं एसडीओपी बामौर अनिल कुमार मंडराह के मार्गदर्शन में थाना बामौर पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 4 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक स्लेटी रंग की इनोवा कार से अवैध शराब मुरैना की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने पमाया रोड पर वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान ग्वालियर की ओर से आ रही संदिग्ध इनोवा कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक तेज रफ्तार में वाहन लेकर अंधेरे का लाभ उठाते हुए मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मौके पर छोड़ी गई इनोवा कार (क्रमांक MP 07 BA 3868) की तलाशी ली, जिसमें से 25 पेटी देशी प्लेन शराब, 5 पेटी देशी मसाला शराब तथा एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने 30 पेटी अवैध देशी शराब, जिसकी कीमत लगभग ₹1.45 लाख, तथा इनोवा कार, जिसकी अनुमानित कीमत ₹11 लाख है, जब्त कर ली। इस प्रकार कुल ₹12.45 लाख का मशरूका बरामद किया गया।

थाना बामौर पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 208/26 दर्ज कर धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

सराहनीय योगदान

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बामौर निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक यशपाल बरौनियां, सहायक उपनिरीक्षक अरविन्द शर्मा, प्रधान आरक्षक राजुकमार सिंह, शिवप्रताप भदौरिया, आकाश बाथम तथा आरक्षक सुनील यादव और अवकाश जाट का सराहनीय योगदान रहा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने