मुख्य सामग्री पर जाएं

एक नंबर, दो बसें: धार में जली बस का राज मुरैना के अंबाह में खुला, दूसरी बस पुलिस के कब्जे में

 

रिपोर्ट--महेद्र सखबार---

पहली बस जिसमे धार जिले में आग लग गई थी
बस नंबर UP83 BT3947

मुरैना। मध्यप्रदेश के धार जिले में आग लगने से जली यात्री बस का एक चौंकाने वाला कनेक्शन मुरैना जिले के अंबाह में सामने आया है। पुलिस जांच में एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर पर दो बसों के संचालन का मामला सामने आया है। धार में जली बस के नंबर से मिलते-जुलते नहीं, बल्कि उसी नंबर पर संचालित दूसरी बस को अंबाह पुलिस ने पकड़ लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।
दूसरी बस जिसे अंबाह थाना पुलिस ने पकड़ा है बस नंबर UP83BT3947

जानकारी के अनुसार, सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात धार जिले के सरदारपुर थाना क्षेत्र में भोपावर चौकी के पास सूरत से कानपुर जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। बस में 50 से अधिक यात्री सवार बताए गए हैं। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

इधर, मंगलवार को मुरैना जिले के अंबाह में पोरसा-अंबाह मार्ग से दिल्ली की ओर जा रही एक दूसरी बस को पुलिस ने रोककर जांच की। जांच के दौरान बस का रजिस्ट्रेशन नंबर धार जिले के सरदारपुर क्षेत्र में जली बस के नंबर के समान पाया गया।

पुलिस ने बस चालक से वाहन के संबंध में आवश्यक दस्तावेज मांगे, लेकिन वह संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बस को जब्त कर अंबाह थाने में खड़ा करा दिया।

एसडीओपी विजय सिंह भदौरिया के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए धार पुलिस से संपर्क किया गया है और दोनों बसों के रजिस्ट्रेशन, दस्तावेजों तथा स्वामित्व संबंधी रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर पर दो बसों के संचालन का मामला सामने आने के बाद परिवहन विभाग और पुलिस की जांच पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों में से कौन-सी बस वास्तविक रजिस्ट्रेशन पर संचालित हो रही थी और इस कथित फर्जीवाड़े में किन लोगों की भूमिका है।

फिलहाल अंबाह पुलिस ने दूसरी बस को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने