रिपोर्ट---// अमन सक्सेना
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा (IPS) के निर्देश पर जिलेभर में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन तथा एसडीओपी बामौर अनिल कुमार के मार्गदर्शन में थाना रिठौराकलां पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर बटेश्वरा मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर वाहन चेकिंग की गई। इस दौरान खंडा पत्थर से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन को बीच सड़क पर छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया।
जांच के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से खंडा पत्थर भरा मिला। चालक अथवा वाहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने करीब 7 लाख रुपये मूल्य की ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया।
इस मामले में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 59/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) एवं 317(5), मध्यप्रदेश खनिज (अवैध परिवहन एवं भंडारण निवारण) अधिनियम, 2006 की धारा 18(1) तथा खान एवं खनिज अधिनियम, 1952 की धारा 4/21 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
जब्त सामग्री
- खंडा पत्थर से भरी 01 ट्रैक्टर-ट्रॉली
- अनुमानित कीमत: ₹7 लाख
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि. संतोष बाबू गौतम के नेतृत्व में उनि. आर.एन. यादव, प्रधान आरक्षक अरुण सिंह, सुरेन्द्र सिंह, महेन्द्र सिंह तथा आरक्षक शेर सिंह, केशव सिंह, देवेन्द्र सिंह, सतेन्द्र सिंह, योगेन्द्र सिंह एवं मीरेन्द्र सिंह का सराहनीय योगदान रहा।

