![]() |
| आँखों मे आंसू भावुक हुए पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा |
दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नामांकन कार्यक्रम में एक भावुक दृश्य देखने को मिला। मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री एवं दतिया के पूर्व विधायक डॉ. नरोत्तम मिश्रा कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित करते हुए मंच पर भावुक हो गए। भाषण के दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े और उन्होंने हाथ जोड़कर जनता से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
डॉ. नरोत्तम मिश्रा लंबे समय तक दतिया विधानसभा का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र भारती से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद उन्होंने क्षेत्र की राजनीति और जनता से अपना जुड़ाव बनाए रखा। दतिया उपचुनाव की घोषणा के बाद वे पूरी सक्रियता के साथ चुनावी तैयारियों में जुट गए थे और उन्हें पार्टी से टिकट मिलने की उम्मीद भी थी।
हालांकि भाजपा ने इस बार डॉ. नरोत्तम मिश्रा के स्थान पर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया। इसके बाद भी उन्होंने पार्टी के निर्णय को स्वीकार करते हुए पूरे मनोयोग से चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी संभाल ली।
नामांकन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभा के दौरान डॉ. मिश्रा ने दतिया की जनता को अपना "मालिक" बताते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा से भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए काम करेंगे।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा, "मैं एक-एक दरवाजे पर जाऊंगा, अपना शीश नवाऊंगा और एक-एक गांव के अंदर जाकर भाई आशुतोष तिवारी को जिताऊंगा।"
विज्ञापन के लिए संपर्क करें 8269463391




