मुख्य सामग्री पर जाएं

भाजपा जिला स्तरीय बैठक संपन्न: हर घर तिरंगा अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान

 

रिपोर्ट-//-अमन सक्सेना



मुरैना। भारतीय जनता पार्टी जिला मुरैना की संगठनात्मक मासिक बैठक शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी जिला स्तरीय कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में चंबल संभाग प्रभारी डॉ. अभय प्रताप सिंह, मुरैना-श्योपुर सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश कुशवाहा एवं जिला प्रभारी राजू बाथम के मार्गदर्शन में आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई।




हर घर तिरंगा अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान

बैठक को संबोधित करते हुए चंबल संभाग प्रभारी डॉ. अभय प्रताप सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का जनअभियान है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक पहुंचकर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए हर घर तिरंगा अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया जाए।

मुरैना-श्योपुर सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर तिरंगा यात्रा एवं हर घर तिरंगा अभियान को व्यापक रूप से सफल बनाएं।

सांसद तोमर ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले आगामी कार्यक्रमों को भी संगठनात्मक स्तर पर व्यापक रूप से सफल बनाने का आह्वान किया।

बूथ स्तर तक कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने पर जोर

भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश कुशवाहा ने कहा कि संगठन की शक्ति कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण में निहित है। उन्होंने बताया कि आगामी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से आयोजित करने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान, तिरंगा यात्रा और संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले सामाजिक समरसता के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ऊर्जा के साथ जुटना होगा।

जिला प्रभारी राजू बाथम ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मंडलों एवं बूथों पर कार्यक्रमों की प्रभावी योजना तैयार कर उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए।

भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद

जिला मीडिया प्रभारी दिलीप दंडोतिया ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से महापौर शारदा सोलंकी, पूर्व विधायक रघुराज कंसाना, कमलेश जाटव, सूबेदार सिंह सिकरवार, वरिष्ठ नेता हमीर सिंह पटेल, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री महेंद्र यादव ने किया, जबकि आभार जिला महामंत्री सोनू परमार ने व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने