मुख्य सामग्री पर जाएं

उधारी के दबाव और प्रताड़ना से आत्महत्या मामले में पोरसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार

 रिपोर्ट-//-अमन सक्सेना


मुरैना, 27 जुलाई। थाना पोरसा पुलिस ने युवक को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, थाना पोरसा के मर्ग क्रमांक 29/26 की जांच के दौरान सामने आया कि मृतक सर्वेश राठौर पिछले लगभग चार वर्षों से टरवीन इंजेक्शन के नशे का आदी था। वह पोरसा स्थित अग्रवाल मेडिकल स्टोर से आरोपी सुनील अग्रवाल एवं राजकुमार अग्रवाल से इंजेक्शन खरीदता था। लगातार नशे की वजह से मृतक पर लगभग ₹30,000 की उधारी हो गई थी।



जांच में यह तथ्य भी सामने आया की आरोपीगण लगातार उधारी की राशि को लेकर मृतक पर दबाव बनाते थे तथा उसे अपमानित एवं प्रताड़ित करते थे। घटना वाले दिन भी आरोपियों द्वारा उधारी नहीं चुकाने पर इंजेक्शन देने से इंकार करते हुए उसे अपमानित किया गया, जिससे आहत होकर मृतक ने आत्महत्या कर ली।

मामले में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर थाना पोरसा में अपराध क्रमांक 183/2026 अंतर्गत धारा 108, 296(बी) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना (भापुसे) ने घटना की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं एसडीओपी अम्बाह रवि सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पोरसा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर लगातार कार्रवाई की।

पुलिस की सतत मेहनत के परिणामस्वरूप प्रकरण दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर 25 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर आरोपी राजकुमार पुत्र हरिमोहन अग्रवाल (34 वर्ष), निवासी शिवनगर, पोरसा को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल दाखिल कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में वांछित शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह कुशवाह, उपनिरीक्षक राजेश गर्ग, प्रधान आरक्षक किशुन सिंह, आरक्षक सीताराम, उमेश यादव, भूपेन्द्र यादव, आशुतोष सिंह एवं आरक्षक चालक धर्मेन्द्र सिंह का सराहनीय योगदान रहा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने